बलरामपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के बैंक में धोखाधड़ी के मामले में आरोपी बैंक प्रबंधक को पुलिस ने उन्नाव से गिरफ्तार किया है। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली क्षेत्र के श्रीनगर मनिकोट गांव के दिनेश कुमार मिश्र ने 10 मई 2023 को बैंक प्रबंधक के साथ चार अन्य लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कराया था।
शहर के पंजाब नेशनल बैंक में फरवरी 2023 में तैनात बैंक प्रबंधक नितेश कुमार शुक्ल निवासी किदवई नगर कानपुर पर आरोप था कि उन्होंने कांती देवी के नाम से ऋण खाते में हेराफेरी की है। कांती देवी के बेटे दिनेश मिश्र ने इसकी शिकायत फरवरी में ही थाने में की। सुनवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली, जहां से एफआईआर के आदेश हुए। मई 2023 में एफआईआर दर्ज करने के बाद नगर पुलिस ने जांच शुरू किया। नगर कोतवाल शैलेष सिंह का कहना है कि आरोपों की पुष्टि होने पर भी बैंक प्रबंधक जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे। इसलिए थाने के उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह व अजीत त्रिपाठी की टीम आरोपी बैंक प्रबंधक की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई थी। टीम ने पता किया जो जानकारी हुई कि आरोपी बैंक प्रबंधक वर्तमान में पंजाब नेशनल बैंक इंदेमऊ उन्नाव में कार्यरत है। टीम ने वहां जाकर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।