सादुल्लाहनगर (बलरामपुर) । उतरौला कोतवाली के बौड़िहार सेखुइया गांव के एक बैंक ग्राहक से ठग ने 19 हजार 999 रुपये का चूना लगा दिया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उतरौला कोतवाली क्षेत्र के बौड़िहार निवासी मोहम्मद मुकटा ने रविवार को पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसे किसी व्यक्ति ने उसके मोबाइल पर फोन किया और कहा कि जो आपने पेटीएम से पैसा निकालने की बात कही है। मैं एप पर ही केवाईसी का काम करता हूं।
आप गुगल क्रोम के माध्यम से एक रुपया भेज दें। मेरा कर्मचारी आपके घर जाकर केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करेगा। उसके बताए अनुसार मुकटा ने उसके खाते में एक रुपया भेज दिया। बाद में पता चला कि उसके इलाहाबाद बैंक खाते से 19 हजार 999 रुपये निकाल लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना चौकी इंचार्ज बांक भवानीपुर को दी गई है।