बलरामपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के आठ शिक्षकों के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी गई है। एडी बेसिक देवीपाटन मंडल गोंडा विनय मोहन वन के निर्देश पर डीआईओएस/बीएसए महेन्द्र कुमार कन्नौजिया ने वेतन पर रोक लगाने की कार्रवाई की है। निलंबित चल रहे शिक्षकों को बहाल कर मनचाही तैनाती देने का आरोप लगाया गया है। एडी बेसिक की जांच में रिटायर्ड बीएसए हरिहर प्रसाद की गर्दन फंस सकती है।
डीआईओएस/बीएसए ने सोमवार को बताया कि एडी बेसिक देवीपाटन मंडल के निर्देश पर निलंबन से बहाली करके स्थानांतरित होने वाले आठ शिक्षकों के वेतन भुगतान पर अग्रिम आदेशों तक के लिए रोक लगा दी गई है। रिटायर्ड बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय बगहीसीर गैसड़ी के शिक्षक शबी अहमद खां को 16 नवंबर 2019 को निलंबित कर उच्च प्राथमिक विद्यालय जनुकी उतरौला में 29 नवंबर को, प्राथमिक विद्यालय सुगवाकोड पचपेड़वा की शिक्षिका सुनीता यादव को 13 नवंबर को निलंबित कर प्राथमिक विद्यालय कल्यानपुर तुलसीपुर में 29 नवंबर को पुन: बहाल कर तैनात किया गया है।
इसी प्रकार प्राथमिक विद्यालय मजगवां कला पचपेड़वा के शिक्षक अंकित कुमार को 13 नवंबर को निलंबित कर प्राथमिक विद्यालय चयनपुर तुलसीपुर में 29 नवंबर को, प्राथमिक विद्यालय रमनगरा पचपेड़वा के शिक्षक पंकज कुमार गुप्ता को 13 नवंबर को निलंबित कर प्राथमिक विद्यालय चमनपुर तुलसीपुर में 29 नवंबर को, प्राथमिक विद्यालय धरमपुर द्वितीय शिवपुरा के शिक्षक प्रेमचंद सोनकर को 25 अक्तूबर 2019 को निलंबित कर प्राथमिक विद्यालय फटवा शिवपुरा में 16 नवंबर को, प्राथमिक विद्यालय शेखरपुर प्रथम सदर की हेडमास्टर नीलम पांडेय को 17 अक्तूबर को निलंबित कर प्राथमिक विद्यालय सेखुईखुर्द सदर में 22 नवंबर 2019 को, पूर्व माध्यमिक विद्यालय मोतीपुर हड़हवा पचपेड़वा के शिक्षक मोहम्मद सईद को 16 अक्तूबर को निलंबित कर पूर्व माध्यमिक विद्यालय महुवा इब्राहिम श्रीदत्तगंज में 22 नवंबर को और उच्च प्राथमिक विद्यालय मणिपुर शिवपुरा के हेडमास्टर शिव कुमार सिंह को 26 सितंबर को निलंबित कर उच्च प्राथमिक विद्यालय सायडीह सदर में 22 नवंबर 2019 को बहाल करके तैनात किया है।
इन आठ शिक्षकों को निलंबन से बहाल करके मनचाही तैनाती करने की शिकायत मिलने पर शासन ने एडी बेसिक देवीपाटन मंडल को जांच कर कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया। इन आठ शिक्षकों के वेतन भुगतान पर अग्रिम आदेश तक के लिए रोक लगाते हुए एडी बेसिक को रिपोर्ट भेज दी गई है। एडी बेसिक के निर्देश पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।