बलरामपुर। बलरामपुर चीनी मिल की तरफ से जिला चिकित्सालय में 35 लाख की लागत से आक्सीजन प्लांट लगाया जाएगा। 20 घन मीटर प्रतिघंटा क्षमता वाले यह प्लांट लगने से कोरोना मरीजों को ऑक्सीजन की कमी से निजात मिलेगी।
बलरामपुर चीनी मिल के अधिशासी अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने बताया कि डीएम श्रुति की प्रेरणा व अपील पर चीनी मिल ने अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत आक्सीजन प्लांट लगाने का निर्णय लिया है।
डीएम व सीएमओ डा. विजय बहादुर सिंह से विचार विमर्श करने के बाद जिला संयुक्त चिकित्सालय में आक्सीजन प्लांट लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चीनी मिल प्रबंधन की तरफ से संयुक्त चिकित्सालय में 20 घन मीटर प्रति घंटा की क्षमता वाला आक्सीजन प्लांट लगाने की तैयारियां की जा रही हैं।
इस प्लांट में लगभग 35 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान लगाया गया है। प्लांट लगाने का पूरा खर्चा चीनी मिल के बलरामपुर फाउंडेशन द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बलरामपुर चीनी मिल के सभी सामाजिक कार्य इसी फाउंडेशन द्वारा संपन्न किए जाते हैं।
संयुक्त चिकित्सालय में यह प्लांट लगने से बलरामपुर तथा आस पास के क्षेत्रवासियों का आक्सीजन की कमी से जान बचाई जा सकेगी। इस अवसर पर चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक विधि एवं कार्मिक राजीव अग्रवाल एवं निदेशक डा. अरविंद कृष्ण सक्सेना आदि भी मौजूद रहे।