बलरामपुर। हवन पूजन के साथ बलरामपुर चीनी मिल के पेराई सत्र का विधिवत शुभारंभ रविवार को हुआ। सत्र 2019-20 के पहले दिन बैलों की पूजा करके किसानों को सम्मानित किया गया। मिल प्रबंधन ने किसानों से ताजा व साफ सुथरा गन्ना लाने की अपील की है।
बलरामपुर चीनी मिल के अध्याशी अध्यक्ष मधुकर मिश्र ने हवन पूजन कर पेराई सत्र 2019-20 का शुभारंभ किया। हवन पूजन चीनी मिल स्थित मंदिर के पुजारी पंडित तिलकधारी पांडेय ने कराया। अध्याशी अध्यक्ष ने बैलगाड़ी से आए गन्ना किसान हनुमत पांडेय को उपहार देकर सम्मानित किया और बैलों की पूजा भी की। इसी तरह क्रय केन्द्र कलेना-ए से गन्ना लेकर आए ट्रक ड्राइवर को भी सम्मानित किया गया।
अध्याशी अध्यक्ष ने बताया कि गन्ना खरीद के लिए पहले ही इण्डेंड निर्गत किया जा चुका है। किसानों से अपील किया कि जड़ अगोला रहित ताजा व साफ सुथरा गन्ना ही क्रय केंद्र पर लाया जाए। उन्होंने किसानों से समयानुसार गन्ना मूल्य भुगतान का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर प्रधान प्रबंधक विधि एवं क्रामिक राजीव अग्रवाल, प्रधान प्रबंधक गन्ना राजीव गुप्ता, सहायक प्रधान प्रबंधक एनके दूबे एवं श्रम कल्याण अधिकारी एसपी सिंह सहित चीनी मिल के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।