बलरामपुर के शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में लगे राजकीय मेले में खरीदारी करते लोग।
तुलसीपुर (बलरामपुर)। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में चल रहे राजकीय मेले में देश-विदेश के श्रद्घालुओं का संगम देखने को मिल रहा है। देश के कई राज्यों व नेपाल के श्रद्घालु मां पाटेश्वरी की पूजा-अर्चना के बाद मेले का आनंद ले रहे हैं। झूले व सर्कस आदि का आनंद लेने, श्रृंगार, लईया-गट्टा, खिलौना, बर्तन व प्लास्टिक की वस्तुओं की खरीदारी के लिए दिन-रात लोगों की भीड़ जुट रही है।
मंदिर के महंत मिथलेश नाथ योगी ने बताया कि 22 मार्च से एक माह तक चलने वाला राजकीय मेला भारत-नेपाल के अटूट रिश्ते को कायम रखने का संदेश देता है। चैत्र नवरात्र के मेले में देश-विदेश से श्रद्घालुओं का भारी संख्या में आगमन होता। मेला प्रशासन की तरफ से उनकी सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
एसपी केशव कुमार ने बृहस्पतिवार को शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर व राजकीय मेला परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। यातायात व्यवस्था, सुरक्षा उपकरण, बैरियर, पार्किंग व्यवस्था व पुलिस सहायता केंद्र को सुदृढ़ करने व उसका सुचारू रूप से संचालन करने का निर्देश मातहतों को दिया।