बलरामपुर। कोरोना महामारी पर नियंत्रण के लिए सरकार टीकाकरण पर विशेष जोर दे रही है। 30 नवंबर तक शत प्रतिशत लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली डोज हर हाल में देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
लक्ष्य के सापेक्ष जिले में अभी तक 66.63 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है। बलरामपुर नगर क्षेत्र टीकाकरण में जहां 101.25 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के साथ अव्वल है वहीं बलरामपुर देहात क्षेत्र मात्र 57.53 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के साथ फिसड्डी साबित हो रहा है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. अरुण कुमार एवं जिला कोल्ड चेन प्रबंधक श्याम मिश्र ने बताया कि जिलेे में 18 वर्ष से अधिक आयु वाले कुल 15 लाख 72 हजार 506 लोगों को कोविड वैक्सीन दी जानी है।
12 नवंबर तक जिले में 10 लाख 47 हजार 801 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज एवं 4 लाख 65 हजार 342 लोगों को दूूसरी डोज दी जा चुकी है। इस तरह बलरामपुर जनपद ने पहली डोज में 66.63 प्रतिशत एवं दूसरी डोज में 29.6 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है।
टीकाकरण में बलरामपुर नगर क्षेत्र 62 हजार 954 के सापेक्ष 63 हजार 738 लोगों को प्रथम डोज लगाकर 101.25 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के साथ अव्वल है। इसी क्रम में उतरौला ब्लॉक ने पहली डोज में 94.64 प्रतिशत एवं दूसरी डोज में 50.9 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है।
गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक ने प्रथम डोज में 73.23 प्रतिशत एवं सेकेंड डोज में 37.3 प्रतिशत, हरैया सतघरवा ब्लॉक ने पहली डोज में 66.61 प्रतिशत एवं दूसरी डोज में 24.5 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया है। गैसड़ी ब्लॉक ने प्रथम डोज में 65.23 प्रतिशत एवं दूसरी डोज में 25.4 प्रतिशत तथा तुलसीपुर ब्लॉक ने प्रथम डोज में 62.88 एवं द्वितीय डोज में 23.4 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है।
रेहरा बाजार ब्लॉक ने पहली डोज में 61.24 प्रतिशत एवं दूसरी डोज में 27.8 प्रतिशत तथा श्रीदत्तगंज ब्लॉक ने फर्स्ट डोज में 61.19 एवं सेकेंड डोज में 31 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया है। टीकाकरण में सबसे खराब स्थिति पचपेड़वा ब्लॉक एवं बलरामपुर ग्रामीण क्षेत्र का है।
पचपेड़वा ब्लॉक ने जहां पहली डोज में 60.25 प्रतिशत एवं दूसरी डोज में 29.9 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया है वहीं बलरामपुर ग्रामीण क्षेत्र ने प्रथम डोज में 57.53 प्रतिशत एवं द्वितीय डोज में मात्र 21.3 प्रतिशत लक्ष्य ही हासिल कर सका है।