बलरामपुर। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (सीआईसीएसई), नई दिल्ली की ओर से बुधवार को घोषित आईसीएसई (कक्षा 10) और आईएससी (कक्षा 12) के परीक्षा परिणाम में शहर के जीसस एंड मैरी स्कूल एंड कॉलेज ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। हाईस्कूल में विद्यालय के आयुष गोयल ने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया, जबकि इंटरमीडिएट में हसन शोएब 92.3 प्रतिशत अंक पाकर टॉपर बने।
जीसस एंड मैरी स्कूल एंड कॉलेज के प्रधानाचार्य क्रेग बटरफील्ड ने बताया कि विद्यार्थियों को डिजीलॉकर के माध्यम से डिजिटल मार्कशीट और प्रमाणपत्र उपलब्ध होंगे। छात्र अपने परिणाम ऑनलाइन देख सकते हैं। बताया कि रि-चेक के लिए विद्यार्थी 4 मई तक आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट में कुल 136 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें से 132 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इंटर के छात्र हसन शोएब 92.3 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम, वैभव विश्वकर्मा 92 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे व यूनुस अबरार अंसारी 91.5 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं, हाईस्कूल में कुल 183 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें से 181 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। हाईस्कूल में आयुष गोयल 98.6 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम, तेजस्व मणि तिवारी 95.2 के साथ द्वितीय एवं शयान सिद्दीकी 95.2 अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहे। तुलसीपुर के स्टार वर्ड्स पब्लिक स्कूल के प्रबंधक विनोद सिंह कलहंस ने बताया कि इंटर में कुल 136 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें से 112 छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। इंटर में जैनब ने 86.75 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम, अंशिका सोनी ने 85.26 के साथ द्वितीय एवं इकरा इस्लाम ने 85 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है। हाईस्कूल में 84 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें से 72 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इसमें फातिमा ने 90.20 प्रतिशत अंकों के साथ पहला, तनुष्का त्रिपाठी ने 82 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा एवं वर्तिका मिश्रा ने 80.4 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है।
विद्यार्थियों ने मेहनत और लगन से हासिल की सफलता
बोर्ड परीक्षा परिणाम हमारे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यह सफलता केवल छात्रों की नहीं, बल्कि शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। हमारे शिक्षक पूरे वर्ष बच्चों के मार्गदर्शन में जुटे रहे और विद्यार्थियों ने भी पूरी लगन से पढ़ाई की।
- क्रेग बटरफील्ड, प्रधानाचार्य जीसस एंड मैरी स्कूल एंड कॉलेज
प्रेरणादायक है परिणाम, विद्यार्थियों पर गर्व
इस वर्ष का परीक्षा परिणाम प्रेरणादायक है। हमारे विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय की परंपरा को आगे बढ़ाया है। विद्यार्थियों को केवल परीक्षा नहीं, बल्कि जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करने पर बल दिया है। आज जब बच्चे सफलता प्राप्त कर रहे हैं तो यह पूरे विद्यालय परिवार के लिए संतोष का विषय है।
- प्रभा सिंह, स्टार वर्ड्स पब्लिक स्कूल तुलसीपुर