अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से बाल भारती इंटर कॉलेज में पुलिस की पाठशाला का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से बृहस्पतिवार को बाबू हरिकांत स्मारक बाल भारती इंटर कॉलेज में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार व क्षेत्राधिकारी ज्योतिश्री ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में साइबर अपराध से बचाव के लिए स्कूली छात्रों को जागरूकता अपनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम को डॉ. राजीव रंजन, इंचार्ज प्रधानाचार्य अनीता चौहान व मिशन शक्ति टीम की दीपिका पांडेय आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक डॉ. देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर सौरभ श्रीवास्तव, मनीष, आरकेडी, उमा पांडेय व मोनिका श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
ऑनलाइन का करें सही इस्तेमाल
सभी चीजें ऑनलाइन हो रही हैं और एक क्लिक पर उपलब्ध हैं। इस कारण थोड़ी सी लापरवाही आपको नुकसान पहुंचा सकती है। मोबाइल का इस्तेमाल सही परिप्रेक्ष्य में करें। सोशल नेटवर्किंग साइट का संयमित तरीके से इस्तेमाल करें। बैंक खाते और एटीएम का डिटेल किसी को भी न दें। जहां भी डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करें, वहां सजग रहें। बैंक कभी भी आपसे फोन पर जानकारी नहीं मांगते हैं। एटीएम से पैसे निकालने में भी सतर्क रहें।
-योगेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक
अंजान लोगों ने न करें दोस्ती
फेसबुक व इंस्टाग्राम पर अनजान लोगों से दोस्ती न करें। अपने फेसबुक अकाउंट को साइबर कैफे या दूसरों के कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल पर चेक न करें। अपने मोबाइल पर ही फेसबुक चलाएं। किसी के साथ ऐसी फोटो न खिंचाएं, जिससे संबंध खराब होने पर वह सोशल मीडिया पर उसका दुरुपयोग कर सके। अगर कोई परेशान करता है या छेड़छाड़ करता है तो छात्राएं अपने माता-पिता, शिक्षक और पुलिस को बताएं। डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस शोहदे को सबक सिखाएगी। -ज्योतिश्री, क्षेत्राधिकारी
पुलिस से तत्काल लें मदद
सूचना तकनीक के दौर में फोन फ्रेंडली बनें। नंबर याद रखेंगे तो आपकी मदद हो जाएगी। छात्राएं वीमन पॉवर हेल्पलाइन नंबर-1090 और कंट्रोल रूम के 112 नंबर पर करें। पांच मिनट के भीतर पुलिस मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी। बिना थाने जाए यूपी कॉप एप से साइबर फ्राॅड या चोरी की रिपोर्ट, किरायेदार का सत्यापन जैसे तमाम काम घर बैठे निपटा सकते हैं। -डॉ. देवेश चंद्र श्रीवास्तव, प्रबंधक बाल भारती इंटर कॉलेज