तुलसीपुर (बलरामपुर)। दुकान बंद कर साइकिल से घर लौट रहे सराफा कारोबारी को रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने रॉड से हमला कर लूट लिया। पीड़ित को घायल कर बदमाश हजारों रुपये की नकदी व जेवर लूट ले गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
तुलसीपुर पुरानी बाजार निवासी मिथुन सोनी नथुनिया मोड़ पर सराफा की दुकान करता है। रविवार देर शाम मिथुन दुकान बंद कर साइकिल से घर जा रहा था। रास्ते में रमवापुर गांव के निकट तीन बाइक सवार बदमाशों ने मिथुन को रोक लिया। बदमाशों ने लोहे की राड से पीड़ित के सिर पर हमला कर घायल कर दिया।
बदमाश पीड़ित के झोले में रखा चार हजार नकदी, 4 ग्राम सोना और 200 ग्राम चांदी लूट ले गए। पीड़ित को वहां से गुजर रहे राहगीरों ने इलाज के लिए सीएचसी तुलसीपुर पहुंचाया। प्रभारी उप निरीक्षक सुरेश वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामले की छानबीन की जा रही है।