तुलसीपुर(बलरामपुर)। गर्मी बढ़ते ही प्यास से बेहाल जंगली जानवर गांव की तरफ रुख करने लगे हैं। मंगलवार देर शाम पानी की तलाश में गांव पहुंचे हिरन को कुत्तों ने घेरकर दबोच लिया। कुत्ते के हमले से घायल हिरन जान बचाने को एक घर में घुस गया। ग्रामीणों ने कुत्तों को भगाकर हिरन की जान बचाई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने घायल हिरन को वन विभाग ले जाकर उसका इलाज शुरू कराया।
ग्राम बड़ेरिया निवासी जफर शाह ने बताया कि मंगलवार शाम पानी की तलाश में भटक रहा हिरन गांव के पास पहुंच गया। इस दौरान मौजूद कुत्तों ने हिरन को घेर लिया और उसे नोचने काटने लगे। हिरन जान बचाकर उनके घर में घुस गया। हो- हल्ला सुन कर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कुत्तों को लाठी-डंडे से मारकर भगाया और मामले की सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग की टीम हिरन को जनकपुर रेंज ले गई। घायल हिरन को रेंज में ही रख कर उसका इलाज कराया जा रहा है। ठीक होने पर उसे वापस जंगल में छोड़ दिया जाएगा।