बलरामपुर के कलेक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन देने पहुंची आशा कार्यकर्ता।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। आशा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर सीएम को संबोधित 10 सूत्री ज्ञापन डीएम को सौंपा। मांगें पूरी न होने पर कार्यकर्ताओं ने आरपार की लड़ाई का एलान किया है।
जिलाध्यक्ष ललिता तिवारी, महामंत्री बिंदु विश्वकर्मा, आशा शिव कुमारी, इंद्रावती, रंजना पांडेय, रेनू सिंह व उर्मिला आदि आशा कार्यकर्ताओं ने डीएम को सौंपे गए ज्ञापन के जरिये कहा है कि राज्य कर्मचारी घोषित करके आशा को 18 हजार एवं आशा सहयोगिनियों को 24 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन भुगतान किया जाए।
ज्ञापन में आगे कहा है कि 20 दिन के बजाए 30 दिन का काम हर महीने दिया जाए और कार्य योजना भी तैयार की जाए। बैंकर्स को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लेते हुए ईपीएफ एवं ईसीएल एवं ईएसआई का लाभ, बीमा कराकर दुर्घटना में मृत्यु होने पर पांच लाख रुपये का भुगतान मुआवजे के रूप में दिया जाए।
रिटायरमेंट बेनीफिट के रूप में एकमुश्त पांच लाख रुपये का भुगतान किया जाए। आशा सहयोगिनियों को सुपरवाइजर का दर्जा, उम्र का बंधन हटाते हुए योग्यताधारी आशा सहयोगिनियों को एएनएम तथा आशा को सहयोगिनियों के पद पर प्रमोशन किया जाए।
वर्ष में दो बार यूनीफार्म दिया जाए। अस्पताल में विश्राम स्थल की व्यवस्था कराई जाए। सफर के दौरान यात्रा भत्ता का भुगतान कराया जाए। इन मांगों के पूरा न होने पर आशा कार्यकर्ताओं ने आरपार की लड़ाई का एलान किया है।