बलरामपुर। पराक्रम दिवस के अवसर पर शुक्रवार की शाम वीर विनय चौराहे पर ब्लैक आउट का सायरन बजते ही युद्ध कालीन आपात स्थिति का दृश्य दिखने लगा। नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा आयोजित ब्लैकआउट मॉकड्रिल की गई तो चारों तरफ अंधेरा छा गया। इस दौरान आग लगने, धमाके और घायलों के रेस्क्यू का सजीव अभ्यास किया गया। सायरन की तेज आवाज गूंजते ही चौराहे पर मौजूद लोग सतर्क हो गए और कुछ ही मिनटों में प्रशासनिक अमला पूरी मुस्तैदी के साथ मौके पर पहुंच गया।
अभ्यास की शुरुआत चेतावनी सायरन से हुई। इसके बाद पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट लागू कर दिया गया। अचानक अंधेरा छाते ही वीर विनय चौराहा पूरी तरह शांत हो गया। इसी बीच धमाके जैसी आवाज के साथ चौराहे पर आग लगने का दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिससे कुछ देर के लिए आपदा जैसा माहौल दिखाई पड़ा।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की गाड़ियां सायरन बजाती हुई मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए पानी की तेज धार से आग पर काबू पाया। वहीं, नागरिक सुरक्षा विभाग के स्वयंसेवक और आपदा मित्रों ने खोज एवं बचाव कार्य शुरू कर आग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायलोंको मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल दर्शाए गए लोगों को स्ट्रेचर के माध्यम से एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। इसके बाद एंबुलेंस के जरिये उन्हें जिला अस्पताल भेजने का अभ्यास हुआ। पूरे ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभाली और भीड़ को नियंत्रित रखते हुए सुरक्षित दूरी बनाए रखी।
मॉकड्रिल को देखने के लिए चौराहे पर बड़ी संख्या में आमजन एकत्रित हो गए। लोगों ने प्रशासन की तैयारियों को नजदीक से देखा और आपदा की स्थिति में स्वयं को सुरक्षित रखने के उपायों की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभ्यास का उद्देश्य युद्ध, हवाई हमले अथवा किसी बड़ी आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। करीब आधे घंटे चले इस अभ्यास के बाद ‘ऑल क्लियर’ सायरन बजाया गया, जिसके साथ ही स्थिति सामान्य घोषित की गई।
इस अवसर पर डीएम विपिन कुमार जैन, सीडीओ हिमांशु गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी सहित अग्निशमन विभाग के अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, नगर प्रशासन के अधिकारी, आपदा मित्र, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक एवं भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।