उतरौला। नगर के ऐतिहासिक आर्य समाज मंदिर के जर्जर भवन के जीर्णोद्धार के लिए आदर्श नगर पालिका परिषद एक करोड़ रुपये खर्च करेगी। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य मंदिर को एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सविता गुप्ता ने बताया कि यह ऐतिहासिक मंदिर नगर के मुख्य बाजार के बीच में स्थित है। मंदिर का भवन काफी जर्जर हो चुका है। दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। इस प्राचीन धरोहर को बचाने के लिए नगर पालिका परिषद ने जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को एक विस्तृत प्रस्ताव भेजा था। शासन ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति देने के साथ ही खर्च धनराशि जारी करने के लिए वित्त विभाग को निर्देशित किया है।
पर्यटन केंद्र के रूप में होगा विकसित
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ने बताया कि इस ऐतिहासिक स्थल को ऐसे पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा जो नगरवासियों और आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। इससे न केवल क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण होगा, बल्कि पर्यटन के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। यह परियोजना उतरौला के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।