बलरामपुर। प्रदेश में शुरू हुए मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार को वर्चुअल मीटिंग में महिला श्रमिकों को योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान श्रम विभाग की तरफ से कन्या विवाह सहायता योजना एवं चिकित्सा सुविधा योजना के तहत पांच महिला श्रमिकों को स्वीकृति पत्र भी दिया गया।
श्रम विभाग की वर्चुअल मीटिंग को संबोधित करते हुए श्रम प्रवर्तन अधिकारी वेद प्रकाश चौधरी, भूपेंद्र, संकल्प सेवा संस्थान के प्रबंधक अनिल मिश्रा व यूनीसेफ नया सवेरा के मनोज तिवारी आदि ने महिला श्रमिकों को बालिका विवाह योजना, शिशु एवं मातृत्व हित लाभ योजना तथा चिकित्सा सुविधा योजना आदि के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान महिलाओं को नारी सशक्तिकरण के लिए जागरूक करते हुए उनके अधिकारों के बारे में भी बताया गया। वर्चुअल मीटिंग में महिला श्रमिक गीता पांडेय को कन्या विवाह सहायता योजना के तहत 55 हजार रुपये तथा रीता पांडेय, विद्या, गोल्डी सिंह एवं सुनीता को चिकित्सा सुविधा योजना के तहत तीन-तीन हजार रुपये का स्वीकृति पत्र भी वितरित किया गया।