बलरामपुर। जिले के तीन नगर निकायों में सड़क और नाली निर्माण के लिए एक करोड़ 92 लाख 40 हजार रुपये के बजट को मंजूरी मिली है। इनमें सबसे अधिक एक करोड़ 37 लाख 76 हजार रुपये का कार्य नगर पालिका परिषद बलरामपुर में कराए जाएंगे। वहीं नगर पालिका परिषद उतरौला व नगर पंचायत तुलसीपुर के वार्डों में भी विकास कार्य होंगे।
तीन नगर निकाय के वार्डों में जर्जर सड़कों व टूटी नालियों के नवनिर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। शासन स्तर से प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए बजट जारी कर दिया गया है। अब शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। नगर पंचायत तुलसीपुर में 31.43 लाख रुपये की लागत से दो निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। नगर पालिका परिषद उतरौला में 23.21 लाख रुपये की लागत से दो प्रमुख निर्माण कार्य कराए जाएंगे।
उतरौला तहसील बाउंड्रीवाल से गयासुद्दीन कुरैशी की दुकान तक सीसी रोड और नाली निर्माण पर 11.25 लाख रुपये व केवड़िया पेड़ के पास जयमंगल गुप्त के घर से होते हुए हिदायत बाबा की मजार तक सीसी रोड और नाली निर्माण पर 11.95 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर पालिका परिषद बलरामपुर के नई बस्ती वार्ड में प्लेवे स्कूल से रामजी के मकान, अनोखी सोनकर और संदीप कश्यप के मकान होते हुए सोनू चौहान के मकान तक 23.09 लाख रुपये की लागत से सड़क और नाली बनेगी।
खलवा दक्षिणी वार्ड में बबलू के मकान से रमेश गौतम, संत रविदास मंदिर और रामविलास गौतम के मकान होते हुए राम सहाय के मकान तक 27.03 लाख रुपये से निर्माण कार्य होगा। विशुनीपुर रिजर्व वार्ड में मिठाई लाल के घर से अनवरी, संतोष और हरी के घर तक 41.13 लाख रुपये की लागत से सड़क और नाली बनाई जाएगी।
नई बस्ती में शकूर के मकान से अजय सिंह पिंकू के मकान तक 18.13 लाख रुपये और विशुनीपुर रिजर्व में मुरली के घर से लक्ष्मण कुमार, विष्णु के घर होते हुए श्मशान मोड़ तक 28.24 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य कराया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ज्योति राय ने बताया कि बजट जारी होने के बाद अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराए जाएंगे। टेंडर व संस्था चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।