बलरामपुर। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना की परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब पांच अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। परीक्षा छह नवंबर को जनपद स्तर पर कराई जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक गोविंद राम ने बताया कि राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि पहले 24 सितंबर निर्धारित की गई थी, जिसे बढ़ाकर अब पांच अक्तूबर कर दिया गया है। छह से आठ अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन की त्रुटियों का संशोधन किया जाएगा।
छात्रवृत्ति परीक्षा योजना के अभ्यर्थियों से कोई परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। आवेदन के लिए सत्र 2021-22 कक्षा सात की परीक्षा में 55 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए पांच प्रतिशत अंक की छूट है। छात्रवृत्ति के लिए वही विद्यार्थी आवेदन करेंगे जो सत्र 2022-23 में राजकीय/अशासकीय सहायता प्राप्त/परिषदीय विद्यालयों में कक्षा आठ में अध्ययनरत हों।
विद्यार्थी के अभिभावक की वार्षिक आय तीन लाख 50 हजार से अधिक नहीं होनी चाहिए। इस छात्रवृत्ति के लिए केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल, राजकीय आवासीय एवं प्राइवेट विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थी आवेदन नहीं कर सकते हैं। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थी को मेरिट के आधार पर छात्रवृत्ति के रूप में एक हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।