एमएलके महाविद्यालय में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में मौजूद निर्णायक मंडल।-संवाद
बलरामपुर। एमएलके पीजी कॉलेज सभागार में मंगलवार को युवा कल्याण विभाग व नेहरू युवा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। यूथ-20 के तहत आयोजित भाषण प्रतियोगिता के बालक वर्ग में अनुराग और बालिका वर्ग में वैशाली ने बाजी मारी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ महाविद्यालय के मुख्य नियंता प्रो. पीके सिंह व जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रदीप कुमार तिवारी ने किया। ‘उद्योग 4.0, नवाचार तथा 21वीं सदी के कौशल’ विषय पर आधारित भाषण प्रतियोगिता के बालक वर्ग में अनुराग पाठक तथा बालिका वर्ग में वैशाली शुक्ला को तथ्य व प्रस्तुति के आधार पर प्रथम स्थान मिला। ‘स्वास्थ्य, भलाई और खेल: युवाओं के लिए एजेंडा’ विषय पर आधारित निबंध प्रतियोगिता के छात्र वर्ग में विवेक शुक्ल व छात्रा वर्ग में साजिदा खातून ने बाजी मारी।
डॉ. बीएल गुप्त, अनिल पांडेय, मनीषा त्रिपाठी, डॉ. स्वदेश भट्ट, डॉ. कृतिका तिवारी व लेफ्टिनेंट डॉ. देवेंद्र कुमार चौहान ने निर्णायक की भूमिका निभाई। मुख्य नियंता ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिता विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक हैं। जिला युवा कल्याण अधिकारी ने प्रतिभागियों को शासन द्वारा चलायी जा रही योजनाओं से अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुनील कुमार शुक्ल ने किया।