बलरामपुर। कोतवाली देहात क्षेत्र के बलरामपुर-बहराइच मार्ग पर घूघुलपुर के पास सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से दूसरा ट्रक टकरा गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पंजाब के गुरदासपुर निवासी रोमी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पति परशोत्तम चार नवंबर 2026 को हिमाचल प्रदेश के श्रीनगर से ट्रक में सामान लादकर बहराइच जा रहे थे। बलरामपुर-बहराइच मार्ग पर घूघुलपुर के पास आगे चल रहे ट्रक चालक ने कथित रूप से लापरवाही से वाहन चलाते हुए अचानक ट्रक सड़क के बीच में खड़ा कर दिया। इससे उनके पति का ट्रक पीछे से उसमें टकरा गया।
हादसे में परशोत्तम गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान पांच नवंबर को उनकी मौत हो गई। टक्कर में ट्रक का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।