जरवा (बलरामपुर)। सीएचसी गैसड़ी में तैनात ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर (बीसीपीएम) की ओर से घर में घुसकर एक एएनएम से छेड़छाड़ किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की शिकायत लेकर अधीक्षक के पास गए एएनएम के पति को भी दबंग स्वास्थ्यकर्मी ने पीट दिया। पीड़िता की तहरीर पर आरोपी बीसीपीएम अरुण चौधरी के खिलाफ कोतवाली जरवा में केस दर्ज किया गया है।
जरवा कोतवाली में दी तहरीर में पीड़िता ने कहा है कि शुक्रवार को उसका पति घर से बाहर गया हुआ था। इसी बीच बीसीपीएम उसके घर पहुंचे। आरोप है कि घर के अंदर बैठाने पर बीसीपीएम एएनएम से छेड़छाड़ करने लगे। इस पर एएनएम घर से बाहर भाग आई और सूचना मोबाइल से अपने पति को दी। एएनएम के पति ने सीएचसी गैसड़ी पहुंचकर अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार से घटना के बारे में शिकायत की।
इसके बाद अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार ने पूछताछ के लिए आरोपी बीसीपीएम को अपने कक्ष में बुलाया। आरोप है कि अधीक्षक के सामने पहुंचते ही बीसीपीएम ने एएनएम के पति से भी मारपीट शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक दुर्विजय ने बताया कि एएनएम की तहरीर पर गैसड़ी के बीसीपीएम अरुण चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।