बलरामपुर के स्पोटर्स स्टेडियम में कबड्डी खेलते खिलाड़ी।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। युवा कल्याण विभाग की तरफ से ग्रामीण खेल लीग के तहत शुक्रवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दौड़ प्रतियोगिता के सीनियर बालक वर्ग में अखिलेश व बालिका वर्ग में अंजू ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा कबड्डी, फुटबाॅल व वाॅलीबाॅल प्रतियोगिताओं में भी खिलाडि़यों ने अपना दम दिखाया। विजयी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र व मेडल देकर सम्मानित किया गया।
खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रबोध कुमार एवं क्रीड़ाधिकारी दिनेश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। 1500 मीटर दौड़ सीनियर बालक वर्ग में अखिलेश व जूनियर वर्ग में वीरेंद्र कुमार यादव अव्वल रहे। 800 मीटर दौड़ सीनियर बालिका वर्ग में अंजू, जूनियर वर्ग में मधु वर्मा व सब जूनियर वर्ग में सीमा वर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया। 400 मीटर दौड़ सीनियर बालक वर्ग में विकास यादव व बालिका वर्ग में शक्ति वर्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ सीनियर बालक वर्ग में मो. मुजस्सम व जूनियर वर्ग में मो. आरिफ अव्वल रहे। फुटबाॅल प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में रेहरा बाजार ब्लॉक की टीम अव्वल रही। कबड्डी जूनियर बालिका वर्ग तथा सब जूनियर बालिका वर्ग में बलरामपुर की टीम अव्वल रही।
विजयी खिलाड़ियों को तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने मेडल व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रभारी क्षेत्रीय युवा कल्याण श्वेता सिंह, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी शक्ति मिश्रा, ज्ञानबाबू तिवारी, नेहरू युवा केंद्र के प्रशिक्षक जिलेदार पांडेय, संदीप चौधरी, शांति प्रसाद शुक्ल, ठाकुर प्रसाद पांडेय व फुटबाल संघ अध्यक्ष मो. हसन कुरैशी आदि मौजूद मौजूद रहे।