ललिया। बहादुरगंज बाजार में सोमवार की सुबह एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द छोड़ गई। घर के बाहर खेल रही चार वर्षीय मासूम शायना को क्या पता था कि कुछ ही पलों में उसकी खिलखिलाहट हमेशा के लिए खामोश हो जाएगी। एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों की चीख-पुकार से बाजार में मातम पसर गया।
बहादुरगंज बाजार निवासी डब्लू खान की चार वर्षीय पुत्री शायना सोमवार सुबह करीब 10 बजे घर के निकट सड़क किनारे खेल रही थी। मां भी थोड़ी दूर पर ही बैठी बेटी को खेलते देख रहीं थीं। उसी समय चौधरीडीह मार्ग से बहादुरगंज बाजार की ओर आ रहा एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, ट्रैक्टर मासूम को अपनी चपेट में ले चुका था। हादसा इतना दर्दनाक था कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कुछ क्षणों के लिए हर कोई स्तब्ध रह गया। हादसे के बाद मां अपनी बेटी को सीने से लगाकर बिलखती रही और परिवार के अन्य सदस्य भी बदहवास हो गए। वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भागने लगा। लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ से निकल गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मामले में चालक की जानकारी हो गई है, एक पुलिस टीम गिरफ्तारी के लिए लगाई गई है।