बलरामपुर। उपभोक्ता ने विभाग पर पुराना मीटर बदलकर नया लगाने में करीब 45 हजार रुपये की हेराफेरी किये जाने का आरोप लगाया है। उपभोक्ता ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर मामले की जांच व कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत में ग्राम धुसाह निवासी रामनरेश त्रिपाठी ने कहा है कि गत माह बिजली विभाग की टीम चेकिंग करने उनके घर आई थी तथा पुराने मीटर की जगह नया मीटर लगा दिया। रामनरेश का दावा है कि वह अपने घरेलू कनेक्शन का बिल हर महीने जमा करते रहे हैं।
सारी रसीदें भी उनके पास हैं। नए मीटर का जब बिल आया तो उसमें 44 हजार 935 रुपये अतिरिक्त जुड़े थे। पूछने पर विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि यह प्रयोगशाला रीडिंग का बकाया है। उपभोक्ता ने जब प्रयोगशाला रीडिंग की रिपोर्ट मांगी तो अभद्रता करते हुए ऑफिस से भगा दिया गया।
पीड़ित ने मुख्यमंत्री से मामले की जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।