बलरामपुर। समाजवादी पार्टी मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष विशाल श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है और विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने समस्याओं के निस्तारण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर, दवाइयों, बेड और एंबुलेंस की भारी कमी है, जिसके कारण गरीब मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा। उन्होंने कहा कि आए दिन अस्पतालों में लापरवाही से होने वाली घटनाएं प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करती हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में निजी चिकित्सकों के रजिस्ट्रेशन के नवीनीकरण के नाम पर मनमानी की जा रही है। प्रक्रिया को सरल करने के सरकारी प्रयासों को दरकिनार करते हुए खुले तौर पर वसूली की जा रही है, जिससे विभाग की कार्यशैली संदेह के घेरे में है।
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में आम जनता सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने से पहले कई बार सोचने को मजबूर है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि स्वास्थ्य विभाग में चल रही अनियमितताओं पर सरकार ने जल्द कड़े कदम नहीं उठाए, तो वे जनहित में आंदोलन करने को विवश होंगे।