फोटो-10- सदर ब्लाॅक के कांदभारी गांव में आंगनबाड़ी निर्माण के लिए रखी ईट। स्रोत ग्रामीण
बलरामपुर। सदर ब्लॉक के कांदभारी गांव में आंगनबाड़ी भवन निर्माण में अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में पीली ईंट और काली राख का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कराने और निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की है।
कांदभारी गांव में मनरेगा से नए आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी किए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है। गांव के विनोद वर्मा, कामनी देवी, पवन कुमार, प्रभूनाथ, पूनम देवी, अनीता और गीता ने आरोप लगाया कि सरकारी धन का दुरुपयोग करने के लिए निर्माण में पीली ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, सफेद और लाल मोरंग के स्थान पर काली राख का प्रयोग किया जा रहा है। इससे भवन की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि नींव की खुदाई और निर्माण कार्य शुरू होने के समय से ही वे इसका विरोध कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका गया।
बीडीओ की जांच में भी मिली अनियमितता
आंगनबाड़ी भवन निर्माण में मानकों की अनदेखी की शिकायत मिलने पर बीडीओ संजय कुमार ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान निर्माण कार्य में अनियमितता पाई गई। बीडीओ ने बताया कि मौके पर दोयम दर्जे की ईंटें और काली राख मिली है। लाल मोरंग का इस्तेमाल भी नहीं पाया गया। उन्होंने सचिव को अव्वल दर्जे की ईंटों से निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया है।
फोटो-10- सदर ब्लाॅक के कांदभारी गांव में आंगनबाड़ी निर्माण के लिए रखी ईट। स्रोत ग्रामीण