हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। धन्नीडीह गांव में रविवार की दोपहर अज्ञात कारणों से लगी आग से दो घरों में सारा सामान राख हो गया। झुलसने से एक मवेशी की मौत हो गई है। हल्का लेखपाल ने गांव में पहुंचकर क्षति का आंकलन किया है।
हरैया थाना क्षेत्र के धन्नीडीह गांव में रविवार की दोपहर एक बजे भगवती के फूस के मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और बगल में बड़हारी के घर को भी आगोश में ले लिया।
गांव वालों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक भगवती व बड़हारी के घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। आग की तेज लपटों से एक मवेशी की जलकर मौत हो गई। राजस्व निरीक्षक महराजदत्त शुक्ल ने बताया कि क्षति के आंकलन के लिए हल्का लेखपाल को गांव में भेजा गया है।