पचपेड़वा (बलरामपुर)। मुगलों व अंग्रेजों ने भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति को नष्ट करने के लिए जो शिक्षा नीति लागू की थी उसे बदला जाना जरूरी था। इस बदलाव के लिए केंद्र की मोदी सरकार ने वैज्ञानिक रिसर्च एवं वैदिक शिक्षा को महत्व देते हुए नई शिक्षा नीति तैयार की है।
इस शिक्षा नीति से आगे बढ़ने और कुछ नया सीखने का प्रयास करें। बेटियों को अच्छी शिक्षा अवश्य दिलाएं तभी परिवार व समाज का सही मायने में विकास होगा। बेहतर शिक्षा से ही समाज में सभी प्रकार का भेदभाव समाप्त होगा।
यह बातें उत्तर प्रदेेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार को महाराणा प्रताप ग्रामोदय इंटर कॉलेज इमिलिया कोडर में कंप्यूटर लैब का लोकार्पण करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि राजभवन की तरफ से किसी भी संस्थान को सामान्यता एक या दो लाख का ही अनुदान दिया जाता है, लेकिन यहां पर अनुसूचित जाति की बेटियों को कंप्यूटर की शिक्षा देने के लिए साढ़े आठ लाख रुपये का अनुदान दिया गया है। अभिभावक अपनी बेटियों को अच्छी शिक्षा अवश्य दिलाएं।
राज्यपाल ने कहा कि विद्यालय में नामांकन से पूर्व सभी अभिभावक अपने बच्चों को आंगनबाड़ी केन्द्र अवश्य भेजें। आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चे अच्छे संस्कार सीखते हैं जो जीवनभर उनके साथ रहते हैं। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को अच्छे पौष्टिक आहार के साथ-साथ खिलौनों के माध्यम से गणित एवं विज्ञान की शिक्षा दी जाए, जिससे उनके सीखने की क्षमता बढ़े। उन्होंने महाभारत काल में शिक्षा की समृद्धि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अर्जुन पुत्र अभिमन्यु ने माता सुभद्रा के गर्भ में ही शिक्षा प्रारंभ कर दी थी। ऐसी समृद्ध शिक्षा व्यवस्था से ही देश व समाज का विकास होगा।
इससे पूर्व राज्यपाल ने महाराणा प्रताप ग्रामोदय इंटर कॉलेज में महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी, सदर विधायक पल्टूराम, गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुुक्ल, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री चन्द्रराम चौधरी, विधायक तरबगंज गोंडा प्रेम नरायन पांडेय, जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह तथा एसएससी ग्रुप के एमडी धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरु आदि ने पुष्प गुच्छ व स्मृति चिह्न भेंटकर राज्यपाल का स्वागत किया।
थारु जनजाति की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं थारु नृत्य प्रस्तुत करके सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मौके पर मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल एसवीएस रंगाराव, आईजी डॉ. राकेश कुमार सिंह, डीएम श्रुति, एसपी हेमंत कुटियाल, सीडीओ रिया केजरीवाल, एडीएम अरुण कुमार शुक्ल, एएसपी अरविंद कुमार मिश्रा, एसडीएम तुलसीपुर विनोद कुमार सिंह व एसडीएम सदर अरुण कुमार गौड़ आदि मौजूद रहे।
छात्राओं के स्टाल का किया अवलोकन
लैब का लोकार्पण करने से पहले राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दीन दयाल शोध संस्थान इमिलिया कोडर स्थित महाराणा प्रताप ग्रामोदय इंटर कॉलेज में छात्राओं की ओर से लगाए गए स्टाल का अवलोकन किया। छात्राओं ने स्टाल में कढ़ी, बिरला, छतरी घोड्डी, जोगिया ढेरा, बेवा, चेचही ढुलिया, डेलवा, साठा चावल व कोदव चावल आदि पकवान, अनाज व सामानों की प्रदर्शनी लगाई। स्टाल पर लगाए गए थारु जनजाति के पकवान व सामानों की राज्यपाल ने सराहना भी की।