बलरामपुर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर गुरुवार को जिलेभर में बच्चों को एल्बेंडाजॉल की दवा खिलाई गई। बच्चों को सेहतमंद बनाने में कई विभागों के अफसरों व कर्मियों का सहयोग रहा। मोबाइल अप वीक चलाकर 7.76 लाख बच्चों को पेट में कीड़े मारने वाली दवा खिलाने का स्वास्थ्य महकमा दावा कर रहा है।
वात्सल्य प्ले एवं पब्लिक स्कूल में गुरुवार को सदर विधायक पल्टूराम व नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष किताबुन्निशा के प्रतिनिधि शाबान अली व अपर सीएमओ डॉ. अरुण कुमार ने बच्चों को एल्बेंडाजॉल की गोलियां खिलाकर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ किया। सदर विधायक ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार बच्चों को सेहतमंद बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। एल्बेंडाजॉल की दवा से बच्चे पूरी तरह से सेहतमंद रहेंगे।
अपर सीएमओ ने कहा कि छूटे हुए बच्चों को दवा खिलाने के लिए मोबाइल अप वीक चलाया जाएगा। 30 अगस्त से चार सितंबर तक अभियान चलाकर एक से 19 साल तक के सात लाख 76 हजार बच्चों को कीड़े मारने की गोली एल्बेंडाजॉल खिलाई जाएगी। इस गोली का कोई साइड इफेक्ट नहीं है। खाली पेट बच्चों को एल्बेंडाजॉल की दवा कदापि न खिलाएं।
अभियान शुभारंभ के दौरान जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्र, प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष प्रसाद शुक्ल, भाजपा नगर अध्यक्ष बृजेंद्र तिवारी, शफीक, तारिक पठान, अर्पिता सिंह, दिव्या गिरि, संध्या गुप्ता, आकांक्षा त्रिपाठी आदि मौजूद रहीं। शारदा पब्लिक स्कूल में चेयरमैन पराग बोस, निदेशिका सुदीपा बोस, प्रधानाचार्य संदीप सिंह, निशा सिंह, राजीव श्रीवास्तव आदि ने छात्र-छात्राओं को एल्बेंडाजॉल की गोली खिलाई।
बलरामपुर पब्लिक स्कूल में भी बच्चों को एल्बेंडाजॉल की गोलियां खिलाई गई। प्रधानाचार्य यासमीन, शालिनी उपाध्याय, महतबीन, मोहसिना अंसारी, देविका त्रिपाठी, सुनीता सिंह, शिवानी उपाध्याय आदि ने बच्चों को दवा खिलाने में मदद की।
इसी तरह से तुलसीपुर, महराजगंज तराई, ललिया, शिवपुरा, हरैया सतघरवा, गौरा चौराहा, श्रीदत्तगंज, उतरौला, रेहरा बाजार, पेहर बाजार, सादुल्लाहनगर, गैड़ास बुजुर्ग, गैसड़ी व पचपेड़वा के भी स्कूलों में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर एक से 19 साल तक के सभी बच्चों को एल्बेंडाजॉल की गोलियां खिलाई गईं।