बलरामपुर/पिपरहवा चौराहा। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर मंगलवार को जिले भर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एक से 19 वर्ष तक के 9.25 लाख बच्चों को बीमारियों से बचाव के लिए एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई। छूटे हुए बच्चों को 13 फरवरी को मॉपअप राउंड दिवस पर दवा खिलाई जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बलरामपुर में बच्चों को एल्बेंडाजोल की टेबलेट खिलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। कहा कि बीमारियों से बचाव के लिए बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खाना बहुत जरूरी है। जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त व निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों व स्वास्थ्य केंद्रों पर अभियान चलाकर बच्चों को दवा खिलाई गई।
इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. मीनाक्षी चौधरी, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जावेद अख्तर, डीपीएम शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद्र मिश्र, जिला मलेरिया अधिकारी राजेश पांडेय आदि मौजूद रहे। पिपरहवा चौराहा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय नैकिनिया में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों को दवा खिलाई गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी धीरज पाठक ने बताया कि 100 बच्चों को दवा खिलाई गई। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक मुजिबुल हक, शिक्षक कपिल देव, निर्मला सिंह, पुष्पावती, अनीता श्रीवास्तव व रीना देवी आदि मौजूद रहे।