मुख्यमंत्री रविवार को मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय पहुंचे। कुलपति प्रो. रवि शंकर सिंह ने मुख्यमंत्री को विश्वविद्यालय के कार्यों की जानकारी दी। कुलपति ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कृषि विज्ञान केंद्र पचपेड़वा को विश्वविद्यालय से जोड़ने के साथ ही मुख्य द्वार के सामने स्थित तालाब को डिपार्टमेंट ऑफ फिशरीज में शामिल करने का सुझाव दिया। विश्वविद्यालय को जोड़ने वाली फोरलेन सड़क के निर्माण में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा एमपी अग्रवाल, पीडब्ल्यूडी के एमडी आरएन सिंह से भी उन्होंने पूरी जानकारी ली। संवाद
तुलसीपुर रेलवे स्टेशन के नाम में देवीपाटन धाम जोड़ने की मांग
तुलसीपुर। मुख्यमंत्री के देवीपाटन आगमन पर समाजसेवी शुकदेव चौरसिया ने ज्ञापन सौंपकर तुलसीपुर रेलवे स्टेशन सहित सभी संस्थानों के नाम में देवीपाटन धाम जोड़ने की मांग की। 51 सिद्धपीठों में शुमार विश्वविख्यात देवीपाटन मंदिर की पहचान से श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा होगी। ज्ञापन देवीपाटन मंदिर के पीठाधीश्वर योगी मिथिलेश्वर नाथ के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा गया। ज्ञापन में हरैया तिराहे पर निर्माणाधीन आरओबी के एल-आकार में बदलने से प्रभावित करीब 20 दुकानदारों को व्यवसायिक दर से मुआवजा व आंशिक भूमि देकर विस्थापन से बचाने की मांग भी शामिल रही।