बलरामपुर। कोविड-19 के चलते लॉकडाउन के 75 दिनों बाद सोमवार से धार्मिक स्थलों पर रौनक लौटेगी। सभी मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों व चर्चों में श्रद्धालुओं को सरकार व प्रशासन की तरफ से निर्धारित शर्तों का पालन करने के साथ पूजा-अर्चना, नमाज, अरदास व प्रार्थना करने की छूट मिली है। जिले के प्रमुख धर्मों के धार्मिक स्थलों को सैनिटाइज कराकर श्रद्घालुओं के खोल दिया गया है। कंटेनमेंट जोन को छोड़कर होटल, रेस्तरां व मॉल का भी संचालन नियमों व शर्तों के साथ शुरू किया जाएगा।
कोविड 19 के चलते लॉकडाउन के लंबे अरसे बाद मंदिरों में श्रद्धालुओं ने प्रवेश किया। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में सरकार व प्रशासन के निर्देश का अनुपालन करते हुए श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। महंत मिथिलेश नाथ योगी ने बताया कि कपाट खुलने से पहले ही पूरे मंदिर परिसर को सैनिटाइज और साफ सफाई कराई गई। श्रद्धालुओं को खड़े होने के लिए चिह्न भी अंकित कराए गए हैं।
श्रद्धालु श्याम तिवारी, आलोक गुप्ता, अमित कुमार व तेज नरायन आदि ने बताया कि काफी दिनों बाद मां पाटेश्वरी का दर्शन कर पूजा अर्चना किया है। इसी तरह से झारखंडी मंदिर, हनुमानगढ़ी मंदिर, ज्वाला देवी मंदिर, पेहर माता मंदिर, दुखहरण नाथ मंदिर, बिजलेश्वरी देवी मंदिर, नई देवी मंदिर, हनुमान मंदिर, संतोषी माता मंदिर, कल्पेश्वर नाथ मंदिर, नंद महरी मंदिर, झारखंडेश्वर नाथ मंदिर, रहिया देवी मंदिर सहित जिले के सभी प्रमुख मंदिरों के कपाट खुल गए और श्रद्धालुओं ने सोशल डिस्टेंसिंग के साथ पूजा अर्चना की।
शहर मुफ्ती मौलाना मसीह अहमद कादरी ने जिले के लोगों से अपीलज किया है कि धार्मिक स्थलों पर पहुंचने के बाद सभी लोग सरकार व प्रशासन की तरफ से जारी दिशा निर्देश का पालन करें। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए नियमों का पालन करना जरुरी है। टीका व दवा आने तक हम सभी को कोरोना से बचाव के संबंध में नियमों का पालन करना होगा। बेवजह भीड़ का हिस्सा न बने। दूसरों को भी भीड़भाड़ वाली जगहों पर बेवजह जाने से रोके तभी हम सभी लोग कोरोना से सुरक्षित रह सकेंगे।
लॉकडाउन के 78 दिनों बाद होटल, रेस्तरां व माल का संचालन शुरू होने से कारोबारियों ने राहत की सांस ली है। पहले दिन होटल, रेस्तरां व माल खुलने के बाद लोगों की बहुत भीड़ तो नहीं जुटी लेकिन आना-जाना शुरू हो गया है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के साथ ही ग्राहक मॉस्क व सैनिटाइजर का भी प्रयोग करते दिखे। एक मार्ट के प्रबंधक रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कई दिनों से कारोबार ठप होने से काफी नुकसान उठाना पड़ा है। होटल, माल व रेस्तरां खुलने की छूट मिलने से कारोबारियों को काफी राहत मिली है। धीरे धीरे कारोबार पटरी पर आने की उम्मीद है।
after two and half months beauty of religious places returned- फोटो : BALRAMPUR