बलरामपुर। शपथ लेने के बाद मंगलवार को जिले के सभी 9 ब्लॉकों के नवनिर्वाचित प्रमुखों ने कार्यभार संभाल लिया। सभी ब्लॉक प्रमुखों ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई। प्रथम बैठक में सभी ब्लॉकों में सर्वसम्मति से छह-छह समितियों का गठन किया गया। ब्लॉक प्रमुख व क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने बैठक के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्य कराने की साझा रणनीति तैयार की।
सदर ब्लॉक में एसडीएम अरुण कुमार गौड़ ने नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख आरती सोनकर को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। ब्लॉक प्रमुख ने 158 क्षेत्र पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाकर प्रथम बैठक की अध्यक्षता की।
प्रथम बैठक में शिक्षा, नियोजन एवं विकास और प्रशासनिक समिति का अध्यक्ष ब्लॉक प्रमुख स्वयं बने। निर्माण कार्य, परिवार कल्याण व जल प्रबंधन समिति में क्षेत्र पंचायत सदस्य अध्यक्ष पद पर नामित किए गए। सदर विधायक पल्टूराम ने नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख व क्षेत्र पंचायत सदस्यों को बधाई दी और क्षेत्र के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अजय सिंह पिंकू, बृजेंद्र तिवारी, बीडीओ राजेश कुमार व एडीओ पंचायत अशोक कुमार दूबे आदि मौजूद रहे। उतरौला ब्लॉक परिसर में एसडीएम डॉ. नागेंद्र नाथ यादव ने ब्लॉक प्रमुख सोहरता देवी को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद विधायक राम प्रताप वर्मा ने सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अनूप गुप्त, सुधीर श्रीवास्तव, ज्ञानेंद्र वर्मा, वाजिद खां, जसवंत वर्मा, महीपाल चौधरी, बीडीओ दिव्या त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक के प्रमुख राकेश तिवारी को अपर एसडीएम ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर डीडीसी ध्रुव भारती, फखरुद्दीन, राम सुरेश मौर्य व राम संजीवन आदि मौजूद रहे।
श्रीदत्तगंज ब्लॉक में जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने प्रमुख हेमंत जायसवाल को शपथ दिलाई। इस अवसर पर सदर विधायक व अन्य लोग मौजूद रहे। रेहरा बाजार ब्लॉक में प्रमुख पंकज सिंह को जिला गन्ना अधिकारी आरएस कुशवाहा ने शपथ दिलाई।
हरैया सतघरवा ब्लॉक के प्रमुख अविरल सिंह को जिला समाज कल्याण अधिकारी एमपी सिंह ने शपथ दिलाई। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश्वर मणि तिवारी, बुद्धि सागर मणि त्रिपाठी, पूर्व विधायक सदर धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, राज बहादुर यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह, सुरेंद्र पाल सिंह व श्याम कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।
तुलसीपुर की ब्लॉक प्रमुख स्वामिता सिंह को एसडीएम विनोद कुुमार सिंह ने शपथ दिलाई। इस अवसर पर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, प्रवीण सिंह, डॉ. हुकुम सिंह, गणेश सोनी, मोनू सिंह, फिरोज पप्पू, विजय सिंह व बुद्धिमान सिंह आदि मौजूद रहे। गैसड़ी ब्लॉक के प्रमुख शक्ति सिंह को जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पवन कुमार सिंह ने शपथ दिलाई।
इस अवसर पर गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू आदि मौजूद रहे। पचपेड़वा ब्लॉक में प्रमुख मनोज तिवारी को जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अश्वनी कुमार ने शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह के बाद सभी ब्लॉकों में प्रथम बैठक कर छह-छह समितियों का गठन किया गया और क्षेत्र पंचायत में विकास कार्यो को कराने के लिए सदस्यों ने प्रमुख के साथ मिलकर साझा रणनीति तैयार की।