बलरामपुर। जिला बार संघ की अगुवाई में बृहस्पतिवार को एकजुट हुई अधिवक्ताओं ने एसपी कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की समाप्ति पर आक्रोशित अधिवक्ताओं ने अपनी चार सूत्रीय मांगों का मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन भी एएसपी योगेश कुमार को सौंपा।
नाराज वकील तीन अधिवक्ताओं की हुई हत्या के आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने व बढ़ते उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग प्रमुख तौर पर कर रहे थे। जिला बार संघ अध्यक्ष रामानंद मिश्र व महामंत्री अजय बहादुर सिंह ने बताया कि बीते एक माह में ही गोंडा के अधिवक्ता परमानंद तिवारी, अलीगढ़ के मुगीस अहमद व सुल्तानपुर में अधिवक्ता आजाद अहमद की दबंगों ने हत्या कर दी है। यह घटनाएं पुलिस की कार्यशैली के साथ ही बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा कर रही हैं।
उन्होंने वकीलों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग मुख्यमंत्री से की है। कलेक्ट्रेट बार संघ अध्यक्ष दयाशंकर पांडेय व महामंत्री कमलेश्वर सिंह ने मृतक अधिवक्ताओं के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
युवा बार संघ अध्यक्ष अमित कुमार पांडेय व महामंत्री विवेश कुमार सिंह ने कहा कि अधिवक्ताओं की हत्या में शामिल दोषियों की तत्काल गिरफ्तार कर उनके मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए। विरोध प्रदर्शन में अधिवता प्रशांत ओझा, समय मिश्रा, केजी श्रीवास्तव, धर्मदेव मिश्रा, अनिल शुक्ला व संजय आदि मौजूद रहे।