बलरामपुर। नवीन दीवानी न्यायालय परिसर में अधिवक्ता चैंबर की समस्या जल्द दूर होने वाली है। 15 हजार वर्गफुट में चैंबर बनाने की तैयारी की जा रही है। प्रशासनिक न्यायमूर्ति श्रीप्रकाश सिंह को लखनऊ में अधिवक्ता प्रतिनिधि मंडल ने समस्या दूर कराने का ज्ञापन सौंपा तो उन्होंने जमीन आवंटित कराने का आश्वासन दिया।
जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह ने रविवार को बताया कि उनके नेतृत्व में तीन सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने बीते दिन लखनऊ में प्रशासनिक न्यायमूर्ति से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ता चैंबर के लिए नवीन दीवानी न्यायालय परिसर में 15 हजार वर्गफुट जमीन दिलाने की मांग की गई।
प्रशासनिक न्यायमूर्ति ने नवीन दीवानी न्यायालय परिसर में ही जमीन दिलाने का आश्वासन दिया। परिसर में जल्द ही कैंटीन, बैंक एटीएम व डाकघर का संचालन भी शुरू कराने का आश्वासन दिया गया। चैंबर के लिए जमीन आवंटित होने के बाद निर्माण शुरू हो जाएगा।
इससे नवीन दीवानी न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं की परेशानी दूर हो जाएगी। प्रतिनिधि मंडल में पूर्व महामंत्री संजय तिवारी व वरिष्ठ अधिवक्ता शत्रुजीत सिंह भी शामिल रहे।