बलरामपुर। दाल की जमाखोरी करने वालों पर प्रशासन अब कार्रवाई का शिकंजा कसेगा। वर्तमन समय में दाल की अचानक बढ़ती कीमतों को लेकर कवायद शुरु की गई है। आम जनता को निर्धारित दर पर दाल मुहैया कराने के लिए स्टॉक का सत्यापन व मूल्यांकन किया जाएगा।
पांच प्रकार के दालों के स्टॉक की कारोबारियों को साप्ताहिक घोषणा करनी होगी। स्टॉक की घोषणा करने के बाद गठित तहसीलवार कमेटी सत्यापन व मूल्यांकन करेगी। सत्यापन व मूल्यांकन में पांच प्रकार के दाल के स्टॉक में कोई गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित कारोबारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त खाद्य एवं रसद विभाग की तरफ से दाल की अचानक बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए स्टॉक होल्डर पर कार्रवाई का शिकंजा कसने का निर्णय लिया गया है। स्टॉक होल्डर हर सप्ताह दाल के स्टॉक की घोषणा करेंगे। दाल के स्टॉक की घोषणा के बाद डीएम की तरफ से सत्यापन व मूल्यांकन की साप्ताहिक सुनवाई की जाएगी।
भारत सरकार की तरफ से यूआरएल, यूजर आईडी व पासवर्ड जिले के सभी दाल मिलों, आयतकों, स्टाकिस्ट व थोक विक्रेताओं को लिंक भेजा जाएगा जिस पर उनकी तरफ से रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। पोर्टल पर पांच प्रकार के दालों के स्टॉक की साप्ताहिक घोषणा की जाएगी।
एक प्रकार के दाल की सभी किस्मों का एक जगह अंकन किया जाएगा। कारोबारियों की तरफ से घोषणा करने के बाद स्टॉक का सत्यापन डीएम कराएंगे। आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत आमजन को उचित दाम में दालें उपलब्ध कराई जाएंगी।
वर्तमान समय में दालों के मूल्यों में अचानक तेजी से बढोत्तरी की जा रही है जो कि दालों के स्टॉक होल्डर के जमाखोरी के कारण हो सकती है। आवश्यक वस्तु अधिनियम 1995 में यह व्यवस्था है कि सूचना, संग्रहण, उत्पादन, आपूर्ति, वितरण, व्यापार और संबंधित खातों व अभिलेखों के निरीक्षण आदि की शक्तियां राज्य सरकारों को प्रदान की गई है।
जिले के तीनों तहसीलों सदर, उतरौला व तुलसीपुर में दाल के स्टॉक होल्डर जैसे मिलर, ट्रेडर्स व इंपोर्टर की तरफ से दाल की घोषणा का सत्यापन व मूल्यांकन के साप्ताहिक सुनवाई के लिए तहसीलवार कमेटी का गठन कर दिया गया है।
बलरामपुर तहसील की कमेटी में सदर एसडीएम अरुण कुमार गौड़ अध्यक्ष, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सदर सदस्य व विपणन अधिकारी सदर संयोजक, उतरौला तहसील की कमेटी में एसडीएम डॉ.नागेन्द्र नाथ यादव अध्यक्ष, पूर्ति निरीक्षक उतरौला सदस्य व विपणन निरीक्षक उतरौला संयोजक और तुलसीपुर तहसील की कमेटी में एसडीएम विनोद कुमार सिंह अध्यक्ष, पूर्ति निरीक्षक तुलसीपुर सदस्य व विपणन निरीक्षक गैसड़ी संयोजक बनाए गए हैं।