तुलसीपुर (बलरामपुर)। वकीलों व एसडीएम के बीच एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल की मध्यस्था भी फेल हो गई है। एसडीएम के स्थानांतरण की मांग पर अड़े वकीलों ने आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। एडीएम ने एसडीएम तुलसीपुर को वकीलों के साथ बातचीत कर मामले का पटाक्षेप कराने का निर्देश दिया है। वकीलों ने क्रमिक अनशन करने की चेतावनी दी है।
बार एसोसिएशन तुलसीपुर के अध्यक्ष सरदार बहादुर सिंह, पूर्व अध्यक्ष कमल नयन तिवारी, संगमलाल, मनोज श्रीवास्तव, सीआर शर्मा, धर्मेंद्र शुक्ला, शाह आलम व मोहम्मद शरीफ आदि ने बीते दिन एडीएम वित्त एवं राजस्व से मिलकर मामले का पटाक्षेप कराने का आग्रह किया। वकीलों का आरोप है कि एसडीएम तुलसीपुर की मनमानी के चलते विवाद का कारण बना है।
नियम कानून को ताक पर रखकर कार्य करने का आरोप वकीलों ने लगाया है। स्थानांतरण के बिना कार्य न करने की वकीलों ने चेतावनी दी है। दो नवंबर से तहसील परिसर में वकीलों ने क्रमिक अनशन करने का ऐलान किया है जो एसडीएम के स्थानांतरण तक जारी रहेगा।
वकीलों व एडीएम के बीच वार्ता सफल नहीं हो सकी। एडीएम ने दो टूक कह दिया कि तबादला करना संभव नहीं है लेकिन एसडीएम को वकीलों से वार्ता के लिए एडीएम ने निर्देश दिया है।