बलरामपुर। एक साल के अंदर 115 मार्ग दुर्घटनाओं में जिले के 75 लोगों की मौत हो गई है। यह आंकड़ा चिंताजनक है। इन हादसों में अधिकांश मौतें हेलमेट न पहनने के चलते सिर में लगी चोट के कारण हुई है। यातायात पुलिस नवम्बर माह में लोगों को सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेगी। यह बातें शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस के कार्यालय पर यातायात माह का शुभारंभ करते हुए एसपी देवरंजन वर्मा ने कही।
एसपी ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रमुख चौराहों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा। लोगों से अपील है कि वह लोग अपनी सुरक्षा तथा अपने परिवार की संरक्षा के लिए वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहने। सड़क पर गलत दिशा में वाहन न चलाएं।
उन्होंने यातायात प्रभारी वीरेन्द्र यादव को यातायात माह के दौरान विशेष अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम को एएसपी एके मिश्र, सीओ सिटी कर्मवीर सिंह, नगर कोतवाल रामाश्रय राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि शाबान अली व सभासद संजय मिश्रा सहित तमाम गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।