बलरामपुर। गोरखपुर जोन के एडीजी अखिल कुमार ने बुधवार को अधिकारियों के साथ नवरात्र मेले व सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा का जायजा लिया। साथ ही सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
एडीजी ने नेपाल सीमा स्थित जनकपुर मंदिर में नवरात्र पर लगने वाले मेले की तैयारियों का जायजा लिया। मेले में पुलिस सहायता केंद्र, बैरियर एवं पार्किंग व्यवस्था आदि व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए निर्देश दिया। साथ ही सीमा पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए अधिकारियों से जानकारी हासिल की।
डीआईजी देवीपाटन रेंज अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने नेपाल सीमा पर कोयलाबास बॉर्डर का निरीक्षण कर सीमा पर तैनात एसएसबी जवानों एवं पुलिसकर्मियों से संवाद कर जानकारी हासिल की। डीआईजी ने सीमा की गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने व ग्राम प्रधान, चौकीदारों, ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों व संभ्रांत व्यक्तियों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा। कहा कि ग्रामीणों को इस बात के लिए प्रेरित किया जाए कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या वस्तु मिलने पर पुलिस को सूचना जानकारी दी जाए। वरिष्ठ अधिकारी खुद इसकी माॅनीटरिंग करेंगे। इस मौके पर एसपी केशव कुमार, एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव, सीओ तुलसीपुर राघवेन्द्र प्रताप सिंह मौजूद रहे।