शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में पूजा करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।-संवाद
बलरामपुर। या देवि सर्वभूतेषु प्रकृति रूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम: ... के उच्चारण के साथ देवीपाटन मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मां की आराधना की। साथ ही एक माह तक चलने वाले मेले का शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह देवीपाटन मंदिर में मां पाटेश्वरी की आराधना की। घंटे-घड़ियाल की गूंज के बीच पूजन करने के बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर स्थित गोशाला में गए। वहां उन्होंने गोसेवा की। मुख्यमंत्री ने मंदिर आए भक्तों के बच्चों को चाॅकलेट बांटी। इसी के साथ एक माह तक चलने वाले मेले का औपचारिक शुभारंभ हुआ। मेले में सर्कस, झूला सहित अन्य दुकानें सजाई गईं हैं।
मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी ने कहा कि मेले में भक्तों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए प्रयास किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों से मंदिर परिसर समेत पूरे मेले की निगरानी की जा रही है। व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों को लगाया गया है। नवरात्र के पहले दिन बुधवार को शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में भोर से देर रात तक भक्तों का तांता लगा रहा। माता के जयकारों के बीच भक्तों ने मां पाटेश्वरी को पुष्प, धूप, दीप, अक्षत, नारियल व चुनरी आदि चढ़ाकर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।