बलरामपुर। एडीएम ने सोमवार को नगर पालिका के ईओ को नगर क्षेत्र के सभी तालाबों व पोखरों का सर्वे कराने का निर्देश दिया। सात दिन के अंदर सर्वे रिपोर्ट तलब की गई है। सर्वे रिपोर्ट न देने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है। ईओ की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी और शासन की अनुमति के बाद तालाबों व पोखरों पर हुए अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया जाएगा।
एडीएम राम अभिलाष ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में ईओ नगर पालिका बलरामपुर राकेश कुमार जायसवाल से तालाबों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। शासन ने नगर निकायों के ईओ को सन 1952 फसली वर्ष 1359 की स्थिति के अनुसार विभागवार अभिलेखों में दर्ज तालाबों, झीलों की गाटावार स्थिति का ब्योरा सर्वे करके 15 दिन के अंदर पोर्टल पर दर्ज कराने का निर्देश दिया है।
शहरी क्षेत्रों में तालाबों, पोखरों व झीलों की घटती संख्या पर चिंता जताते हुए सीएम ने इनको अतिक्रमण मुक्त कराने और दोबारा अतिक्रमण न होने देने को ध्यान में रखकर कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया है। शहरी क्षेत्रों में तालाबों व झीलों पर अतिक्रमण करने वाले भूमाफिया पर शिकंजा कसने के लिए संबंधित कानूनों को और सख्त किया जाएगा।
नगर के सभी 25 वार्डों में अतिक्रमण की मार झेल रहे तालाबों, पोखरों व सरोवरों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए शीघ्र ही अभियान चलाया जाएगा। शासन ने निर्देश पर जिले के चारों नगर निकायों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के लिए ईओ से सभी तालाबों व पोखरों की रिपोर्ट तलब की गई है। इस कार्य में हीलाहवाली व लापरवाही बरतने वाले ईओ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है। बैठक में अपर एसडीएम ज्योति व रवि शुक्ल आदि मौजूद रहे।