उतरौला (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सेखुइया स्थित श्रीबालाजी गैस एजेंसी के कैशियर से 22 दिसंबर को लू्ट करने वाले एक इनामिया अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्त पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। अभियुक्त के पास से 16425 रुपये नकद व एक टूटा मोबाइल बरामद हुआ है।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी नम्रिता श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार की शाम उतरौला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दूबे अपनी टीम के साथ ग्राम कटरा में पिपरा घाट पुल पर वाहन व संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान लूट के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार के इनामिया अभियुक्त रूपम ओझा निवासी ग्राम सिसवा सेमरहना गनेशपुर थाना पचपेड़वा को धर दबोचा।
पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि गैस एजेंसी पर पूर्व में चालक रहे बृजेश पांडेय गैस एजेंसी की समस्त गतिविधि को जानता था।
उसने अपने भाई सतेंद्र कुमार व अन्य लोगों के साथ मिलकर एजेंसी के कैशियर से लूट की, जिसमें मैं भी शामिल था। रूपम के पास से लूट के हिस्से का शेष बचा 16425 रुपये नकद व एक मोबाइल बरामद किया गया है। अभियुक्त को जेल भेज दिया गया है।