तुलसीपुर (बलरामपुर)। आरटीआई के माध्यम से सूचना न देने की डीएम से शिकायत की गई है। सीएचसी तुलसीपुर में करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोप लगाया गया है।
दीपक कुमार, पुष्पा देवी, नेहा गुप्ता, सुखदेव, राज किशोर, रूपचंद्र गुप्ता, राकेश कुमार, अमित गुप्ता, रमेश मिश्र व अरुण कुमार ने डीएम को भेजे गए पत्र में कहा है कि सीएचसी तुलसीपुर में कई बार आरटीआई के माध्यम से सूचना मांगी गई।
अस्पताल प्रशासन की तरफ से भ्रामक सूचना उपलब्ध कराई गई। इन लोगों का आरोप है कि सीएचसी में महंगे उपकरणों की खरीद ब्लड बैंक व डिलीवरी रूम में नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य संबंधी उपकरणों के खरीद एवं निर्माण कार्य में घोर अनियमितता बरती गई है। इन मामलों में अस्पताल प्रशासन सूचना देने से कन्नी काट रहा है।
गलत सूचना देकर अस्पताल प्रशासन लीपापोती करने में जुटा हुआ है। इन लोगों ने सीएम के पोर्टल पर भी शिकायती पत्र को भेजा है। सीएम व डीएम से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुमंत सिंह चौहान ने बताया कि सूचना मांगने वालों को समय से सूचनाएं उपलब्ध कराई गई हैं। लगाए जा रहे सभी आरोप बेबुनियाद हैं। अस्पताल में निर्माण व खरीद आदि के मामलों में कोई वित्तीय अनियमितता नहीं की गई है।