बलरामपुर। नगर व देहात क्षेत्रों से लेकर दिल्ली तक चोरी की 16 घटनाओं में शामिल आरोपी ग्राम गैंजहवा निवासी सूरज कन्नौजिया को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गोंडा जेल में बंद भाई सोनू को छुड़ाने के लिए वह शहर में चोरी का जुगाड़ कर रहा था। पुलिस को देखकर भागते समय वह झाड़ियों में गिरा और पैर में चोट लग गई। जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। आरोपी के पास से सोने के एक जोड़ी कान के टॉप्स, चांदी के सात सिक्के, दो जोड़ी पायल, पर्स, आधार व 180 रुपये बरामद किए गए हैं।
सूरज कन्नौजिया के खिलाफ नगर क्षेत्र में चोरी के छह व देहात क्षेत्र में पांच केस दर्ज हैं। सुभाष पैलेस उत्तर पश्चिम दिल्ली में तीन व रानीबाग दिल्ली में दो केस दर्ज हैं। आरोपी की तलाश के लिए एसपी ने टीमें गठित की थीं। सीओ सिटी ज्योतिश्री ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक नगर सुधीर कुमार सिंह की टीम रविवार को मेवालाल हनुमान मंदिर रानी तालाब के पास पहुंची तो आरोपी वहां से भागने लगा। दिपवाबाग के पास वह कटीली झाड़ियों में फंसकर गड्ढे में गिर गया। इससे उसके पैर में फ्रेक्चर हो गया। पुलिस ने दौड़ाकर उसे कब्रिस्तान तिराहे पर पकड़ लिया। आरोपी ने पुलिस से बताया कि वह चोरी के जुर्म में बलरामपुर जिला कारागार में बंद था। रक्षाबंधन के दिन रिहा हुआ था। कुछ दिन बाद भगवतीगंज, तुलसीपार्क व गोपियापुर में चोरी की। चोरी का सामान बेच दिया।