बलरामपुर। सड़क हादसे के बाद गोल्डन ऑवर में घायलों को तुरंत मदद मिल सके, इसके लिए योजना तैयार की जा रही है। हादसे की सूचना पर कंट्रोल रूम से एंबुलेंस व प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की टीम तुरंत भेजी जाएगी। मेडिकल, आपदा मित्र, फायर सर्विस व जेसीबी क्रेन की भी व्यवस्था रहेगी।
संयुक्त जिला चिकित्सालय व जिला मेमोरियल अस्पताल सहित सभी नौ सीएचसी में शाम छह से सुबह छह बजे तक कंट्रोल रूम संचालित करने की तैयारी की जा रही है। कंट्रोल रूम पर कुशल व प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की ड्यूटी रहेगी। कंट्रोल रूम नंबर का प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। इमरजेंसी में रात के दौरान ऑर्थोपेडिक व सामान्य सर्जन भी तैनात रहेंगे। जिला स्तरीय व्हाट्सएप ग्रुप पर सड़क हादसे की सूचना भेजी जाएगी। घटना स्थल पर एंबुलेंस व प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की टीम तुरंत भेजी जाएगी। इमरजेंसी में स्ट्रेचर, व्हील चेयर, आक्सीजन सिलिंडर व फर्स्ट एड उपकरण पहले से तैयार रहेंगे। घायलों को भर्ती करने के लिए आईसीयू, सर्जिकल व हड्डी वार्ड तैयार रहेंगे।
आपदा टीम रहेगी तैयार
सड़क हादसे की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन टीम तैयार रहेगी। मेडिकल, आपदा मित्र, फायर सर्विस व जेसीबी क्रेन को एक साथ मेसेज भेजा जाएगा। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी व स्थानीय गोताखोरों की मदद ली जाएगी। पुलिस, परिवहन व यातायात विभागों को सड़क हादसों को कम करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सड़क हादसों के घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए कंट्रोल रूम नंबर 7704995639 पर संपर्क करने पर इलाज मुहैया कराया जाएगा।
इमरजेंसी सेवाओं को किया जा रहा मजबूत
सड़क हादसों के घायलों को तुंरत इलाज मुहैया कराने के लिए इमरजेंसी सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। एसपी विकास कुमार की मदद से संबंधित विभागों के साथ पुलिस विभाग के कोतवाली, थानों व चौकी प्रभारियों के मोबाइल नंबर व्हाट्सएप ग्रुप पर जोड़े गए हैं।
-विपिन कुमार जैन, डीएम