बलरामपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला इकाई की समीक्षा एवं योजना बैठक बीते दिन सेंट जेवियर्स स्कूल में संपन्न हुई। बैठक में वर्ष भर चलाए गए कार्यक्रमों तथा उनकी योजनाओं पर चर्चा करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए 15 हजार सदस्य बनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक का शुभारंभ विद्यार्थी परिषद अवध प्रांत के मेडीवीजन प्रमुख रोहित सिंह, जिला प्रमुख नितिन कुमार शर्मा, जिला संगठन मंत्री अंकित त्रिवेदी, विभाग सह संयोजक विजय शंकर, जिला संयोजक कुशाग्र एवं सह संयोजक अमन गुप्ता ने किया। बैठक में कोरोना काल में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सेवा कार्यों पर प्रकाश डाला गया।
मेडीवीजन प्रमुख ने कार्यकर्ताओं से एक वर्ष में किए गए कार्यक्रमों की समीक्षा की और भावी कार्यक्रमों की योजना पर विचार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थी परिषद की कार्य योजना व कार्य पद्धति के विषय में जानकारी दी।
जिला प्रमुख नितिन कुमार शर्मा ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए आगामी वर्ष में लगभग 15 हजार कार्यकर्ताओं को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सदस्यता दिलाई जाएगी।
उन्होंने जिले में छात्र हित में किए गए आंदोलन व कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दी। विद्यार्थी परिषद के अन्य पदाधिकारियों ने समीक्षा बैठक में शैक्षिक सुधार के लिए आंदोलन का आह्वान किया।
प्रांत सह मंत्री अभिषेक सिंह ने बताया कि कोरोना काल में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर लोगों की मदद की और टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरुक भी किया। बैठक में शिवम मिश्रा, अंबुज, अक्षय शास्त्री, निशांत मणि तिवारी, आयुष, हरिशंकर, वैभव व ऋतिक चौरसिया आदि मौजूद रहे।