बलरामपुर में संचालित अभ्युदय कोचिंग में जानकारी देते कोआर्डिनेटर सचिन सिंह ।-स्रोत : विभाग
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस) मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए जनपद की अभ्युदय कोचिंग ने एक नई पहल शुरू की है। मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की विशेष तैयारी कराई जाएगी। यह सुविधा केवल जिले ही नहीं बल्कि मंडल के अन्य जिलों तथा प्रदेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए भी उपलब्ध रहेगी।
अभ्युदय कोचिंग के समन्वयक सचिन सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य सीमित संसाधनों के बावजूद प्रतिभाशाली युवाओं को अंतिम चरण में गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन देना है, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थी चयनित हो सकें। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अभ्यर्थियों को एक साधारण प्रारूप पर अभ्युदय कोचिंग बलरामपुर को ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
केवल वही अभ्यर्थी इस सुविधा में शामिल किए जाएंगे जिन्होंने मुख्य परीक्षा पास कर ली है। बताया कि पीसीएस-2024 मुख्य परीक्षा में जनपद से इंद्रदेव मिश्र (जगदीशपुर) और श्रुति शुक्ला (तुलसीपुर) ने सफलता हासिल की है। दोनों अभ्यर्थी अभ्युदय कोचिंग योजना से जुड़कर तैयारी कर रहे थे। दोनों अभ्यर्थी भी अभ्युदय कोचिंग की विशेष साक्षात्कार तैयारी पहल का लाभ उठाएंगे। इसी सफलता से उत्साहित होकर संथान की ओर से यह पहल शुरू की जा रही है।
वर्चुअल माध्यम से होगा इंटरव्यू का पूर्वाभ्यास
समन्वयक के अनुसार साक्षात्कार चयन का अंतिम और निर्णायक चरण होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की जाएगी, जिसमें आईएएस व पीसीएस अधिकारी, मनोवैज्ञानिक तथा मीडिया विशेषज्ञ शामिल रहेंगे।ऑनलाइन मॉक इंटरव्यू के माध्यम से अभ्यर्थियों के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, अभिव्यक्ति शैली, विषय ज्ञान व मानसिक क्षमता का आकलन किया जाएगा। प्रत्येक अभ्यर्थी को व्यक्तिगत फीडबैक देकर उसकी कमजोरियों को दूर कराया जाएगा और अंतिम मॉक इंटरव्यू के जरिये तैयार किया जाएगा।