बलरामपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पूराब टोला पश्चिमी निकट इमामबाड़ा निवासी सलीम (24) ने शनिवार की शाम को पंखे के कुंडे से फांसी लगाकर जान दे दी है। सीओ सिटी राधारमण सिंह व प्रभारी निरीक्षक नगर कोतवाली रामाश्रय राय ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक की भाभी सुगरा ने बयान दिया है कि सुबह सलीम ने कमरे से निकलकर पेट दर्द होने की बात कही। घर में मौजूद लोगों ने सलीम का इलाज कराने के लिए कहा लेकिन सलीम ने इंकार कर दिया और कमरे फिर चला गया। देर शाम तक कमरे से बाहर न निकलने पर सलीम की भाभी ने दरवाजा खटखटाया तो कोई आवाज नहीं आई।
काफी प्रयास करके कमरे के पीछे के दरवाजे से भाभी ने टार्च की रोशनी से देखा तो सलीम पंखे के कुंडे से लटक रहा था। भाभी ने मामले की सूचना नगर कोतवाली की पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।