गौरा चौराहा (बलरामपुर)। गौरा-जैतापुर मार्ग पर गोविंदपुर गांव के पास रविवार रात करीब आठ बजे दो बाइकें भिड़ गईं। हादसे में ग्राम वीरपुर थाना गौरा चौराहा निवासी फिरोज अहमद (19) की मौत हो गई। हेलमेट न पहनने से सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से जान गई।
गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के ग्राम वीरपुर निवासी आशिक अली ने सोमवार को बताया कि उनका बेटा फिरोज अहमद बाइक से मुहर्रम का मेला देखने गया था। वहां से घर लौटते समय गौरा-जैतापुर राजमार्ग पर गोविंदपुर गांव के पास सामने आ रही बाइक से टक्कर हो गई।
फिरोज को नंदनगर स्थित अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। बेटे की मौत से मां-बाप के साथ परिवार के अन्य लोग रो-रोकर बेहाल हैं। प्रभारी निरीक्षक थाना गौरा चौराहा अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच की जा रही है।