बलरामपुर के हरैया बाजार में घटना स्थल पर मौजूद लोगों की भीड़।
- फोटो : BALRAMPUR
हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के हरैया बाजार में शुक्रवार की दोपहर पारिवारिक कलह से तंग महिला ने अपनी दो बेटियों संग तालाब में कूदकर जान दे दी। पति का कहना है कि महिला ने मानसिक कमजोरी के कारण यह कदम उठाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की छानबीन की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक हरैया सतघरवा राजितराम ने बताया कि स्थानीय बाजार निवासी मोहम्मद रईस की पत्नी नाजमा (35) ने अपनी दो बेटियों गुलअफशां (12) तथा शहजादी (11) के साथ शुक्रवार दोपहर में घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर स्थित तालाब में कूदकर जान दे दी है। ग्रामीणों ने शहजादी को तालाब में डूबते हुए देखा। कड़ी मशक्कत कर उसे तालाब से बाहर निकाला गया। उसकी मौत हो चुकी थी। घर आने पर पता चला कि नाजमा व उसकी दूसरी बेटी गुलअफशां भी लापता हैं।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोबारा तालाब में तालाश शुरू की तो नाजमा व गुलअफशां का शव भी बरामद हो गया। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रभारी निरीक्षकक ने बताया कि मृतका के पति मो. रईश का कहना है कि मृतका मानसिक रूप से कमजोर थी। इससे पहले भी मृतका ने कई बार बेटियों के साथ जान देने की कोशिश की थी।