लखनऊ में संसद सदस्यों के डिवीजन कमेटी की बैठक में मौजूद श्रावस्ती सांसद राम शिरोमणि वर्मा।-स्
बलरामपुर। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सभागार हजरतगंज लखनऊ में संसद सदस्यों के डिवीजन कमेटी की बैठक में श्रावस्ती सांसद चौधरी राम शिरोमणि वर्मा ने जिले में कई ट्रेनों के ठहराव व संचालन की मांग उठाई। माता वैष्णों देवी कटरा तक नई ट्रेन का शीघ्र संचालन किए जाने की मांग की।
सांसद ने इंटरसिटी ट्रेन का ठहराव कौवापुर, गैसड़ी व झारखंडी रेलवे स्टेशन तथा गोरखपुर पनवेल मुंबई ट्रेन का ठहराव पचपेड़वा, गैसड़ी व कौवपुर में किए जाने की मांग की। झारखंडी रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज बनवाने तथा कोरोनाकाल में बंद पैसेंजर ट्रेन का पुन: संचालन कराए जाने की बात कही। गोरखपुर से तुलसीपुर, बलरामपुर, गोंडा व लखनऊ होते हुए श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा तक अप एवं डाउन नई ट्रेन संचालन किए जाने का मुद्दा रखा।
इसके अलावा गोरखपुर-बलरामपुर-देहरादून मार्ग, गोरखपुर-बलरामपुर-लखनऊ-कोटा मार्ग पर नई ट्रेन के संचालन की मांग उठाई। सांसद न नई रेल खंड खलीलाबाद मेहदावल-डुमरियागंज होते हुए उतरौला-बलरामपुर-भिनका व बहराइच तक हो रहे रेल लाइन के कार्य में तेजी लाने की मांग की। सांसद प्रतिनिधि डॉ. सुनील चौधरी ने बताया कि जिले के ज्यादातर लोग महानगरों में रहते हैं। इन ट्रेनों का संचालन होने से क्षेत्र के करीब 50 लाख लोगों को लाभ मिलेगा। कोटा में क्षेत्र से हजारों बच्चे पढ़ने जाते हैं। ट्रेन संचालन होने से उन्हें आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।